जीरो डोज से न छूटे कोई बच्चा, आशा करें परिवारों को जागरूक सिद्धार्थनगर: टीकाकरण से कोई भी बच्चा वंचित न रहे, इसके लिए आशा कार्यकर्ता पहले से ही परिवारों को जागरूक करें। मंगलवार को मेडिकल कालेज परिसर में नौगढ़ क्षेत्र की संगिनी, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए मास्टर ट्रेनर प्रतिभा ओझा ने यह बात कहीं।
उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं, नवजात और पांच वर्ष तक के बच्चों का सर्वे कर टीके से वंचित बच्चों की पहचान करें। विशेष रूप से जीरो डोज वाले बच्चों को चिह्नित कर ड्यू लिस्ट में शामिल करें। सूची एएनएम और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से साझा कर उसका सत्यापन भी करें। उन्होंने कहा कि टीकाकरण को लेकर झिझक या विरोध करने वाले परिवारों से संवाद कर कारण जानें। जरूरत पड़ने पर महिला समूह, धर्मगुरु और स्थानीय प्रतिष्ठित लोगों की मदद लें। पंचायत के सहयोग से माइकिंग, डुगडुगी, धर्मस्थलों से घोषणा और बच्चों की रैली जैसी गतिविधियां कराई जाएं। सत्र के दिन आशा अभिभावकों को टीकाकरण की याद दिलाएं और बच्चों को सत्र स्थल तक लाने का प्रयास करें। अगले टीके की तिथि बताने के साथ टीकाकरण के बाद बच्चे और अभिभावक को 30 मिनट तक सत्र स्थल पर रुकने के लिए भी प्रेरित करें। इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अनूप जायसवाल, बीसीपीएम रवि चौधरी, सूर्य देव सिंह, एचइओ विनय नायक, मांडवी त्रिपाठी, आशा संगिनी मंजू देवी, निखलेश त्रिपाठी मौजूद रही।